Breaking News

hathras news: हाथरस हादसा जनरथ बस-मैक्स पिकअप में टक्कर, 18 की मौत, 17 घायल

Headline

 

गंभीर घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया है। पुलिस-प्रशासन राहत बचाव में जुटा है। मृतक में आगरा और फिरोजाबाद के रहने वाले हैं। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रियंका गांधी वाडरा ने शोक जताया है।








विस्तार

आगरा-हाथरस मार्ग पर 6 सितंबर की शाम करीब सात बजे शाम जनरथ बस और टाटा एस वाहन की आमने-सामने की भिड़ंत में 18 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 17 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। 







हादसा आगरा-हाथरस मार्ग पर थाना चंदपा क्षेत्र में नगला भुस बाईपास कपूरा चौराहे के पास हुआ। हादसे की वजह टाटा एस वाहन के गलत तरीके से ओवरटेक करना बताया जा रहा है। मरने वालों में 17 आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के गांव सेमरा के रहने वाले थे, जबकि एक फिरोजाबाद जनपद का निवासी था। 


गांव मुकुंदखेड़ा निवासी राजुद्दीन की मां अंगूरी का निधन हो गया था। 6 सितंबर को उनका चालीसवां था। इसमें शामिल होने के लिए राजुद्दीन की ससुराल गांव सेमरा से करीब 37 लोग टाटा एस (छोटा हाथी) में सवार होकर आए थे। 6 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे ये लोग आगरा के लिए रवाना हुए। जब ये कोतवाली चंदपा क्षेत्र के कपूरा चौराहे के निकट पहुंचे तो टाटा एस सामने से आ रही जनरथ बस से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा एस के परखच्चे उड़ गए। इसमें सवार लोग उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जाकर गिर गए। हादसे के बाद जमा हुए लोगों ने घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने 18 को मृत घोषित कर दिया।


यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

हाथरस सड़क हादसे पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है। सीएम योगी ने एक्स पर कहा कि जनपद हाथरस में एक सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने हेतु निर्देश दिए हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया शोक

पीएम नरेंद्र मोदी ने हाथरस सड़क हादसे पर शोक जताया है। एक्स पर ट्विवट करते हुए लिखा गया है कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इसमें जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। 

कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाडरा ने जताया शोक

हाथरस सड़क हादसे पर कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाडरा ने भी शोक जताया है। प्रियंका गांधी वाडरा ने एक्स पर शोक जताते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुए भीषण सड़क हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है।राज्य सरकार से मेरी अपील है कि पीड़ितों को तत्काल इलाज मिले और प्रभावित परिवारों को समुचित मुआवजा दिया जाए।










कोई टिप्पणी नहीं