बरेली में मांझा कारखाने में धमाका, मालिक समेत तीन की मौत, इलाके में दहशत
बरेली में मांझा कारखाने में धमाका, मालिक समेत तीन की मौत, इलाके में दहशत
![]() |
| मृतक अतिक का फाइल फोटो :- up prime news |
विस्तार
बरेली | UP Prime News
बरेली के किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज इलाके में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एक मांझा कारखाने में तेज धमाका हुआ, जिसमें कारखाना मालिक समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। धमाके की गूंज तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
धमाके में मालिक और दो कारीगरों की मौत
जानकारी के मुताबिक, बाकरगंज निवासी अतीक रजा खां अपने मकान के पिछले हिस्से में मांझा बनाने का कारखाना चला रहे थे। शुक्रवार सुबह जब वह अपने दो कारीगरों के साथ मांझा बना रहे थे, तभी अचानक गंधक और पोटाश पीसते समय तेज धमाका हो गया। हादसे में अतीक रजा और एक कारीगर फैजान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा कारीगर सरताज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सरताज को अस्पताल भिजवाया, लेकिन कुछ देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया।
इलाके में दहशत, आठ साल पहले भी हुआ था ऐसा हादसा
धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि शवों के चीथड़े उड़ गए और आसपास के घरों की दीवारों में भी दरारें आ गईं। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बाकरगंज में करीब आठ साल पहले भी इसी तरह का हादसा हुआ था, जिसमें कई लोगों की जान गई थी।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मांझा बनाने के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे गंधक और पोटाश के कारण धमाका हुआ। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि कारखाना अवैध रूप से चल रहा था या नहीं।
UP Prime News की टीम इस हादसे से जुड़ी हर अपडेट आप तक पहुंचाती रहेगी। ऐसे ही ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।

कोई टिप्पणी नहीं