Breaking News

UP Prime News: शाहजहांपुर में रूह कंपा देने वाली घटना! 15 दिन की मासूम को ज़िंदा दफनाया, रोने की आवाज़ से खुला राज!

 UP Prime News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से रविवार सुबह एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है और लोगों का कलेजा कांप उठा है। जैतीपुर क्षेत्र में एक निर्दयी व्यक्ति ने मात्र 15 दिन की नवजात बच्ची को नदी किनारे एक फुट गहरे गड्ढे में ज़िंदा दफना दिया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंज़ूर था! बकरी चरा रहे एक बालक ने ज़मीन से रोने की आवाज़ सुनी, जिसके बाद इस भयानक कृत्य का खुलासा हुआ। बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है|

एक फुट गड्ढे में दबी मिली बच्ची -photo: up prime news










विस्तार 

दिल दहला देने वाला मंज़र:

घटना जैतीपुर से गौहापुर जाने वाले मार्ग पर बहगुल नदी के पुल के पास की है। रविवार सुबह गौहापुर गांव का डबलू नाम का एक बालक अपनी बकरियां चरा रहा था, तभी उसे ज़मीन के अंदर से बच्ची के रोने की धीमी आवाज़ सुनाई दी। उसने शोर मचाया तो आसपास जानवर चरा रहे लोग इकट्ठा हो गए। जब लोगों ने देखा तो बच्ची का एक छोटा सा हाथ मिट्टी से बाहर दिख रहा था, जिस पर चींटियां काट रही थीं और खून बह रहा था। ज़मीन के अंदर से लगातार रोने की आवाज़ आ रही थी।

ऐसे चला पता और हुआ रेस्क्यू:

डबलू ने तुरंत ग्रामीणों को बुलाया और सूचना मिलने के बाद जैतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फौरन मिट्टी हटाकर बच्ची को बाहर निकाला। मासूम पूरी तरह मिट्टी से सनी हुई थी। मिट्टी पोंछकर उसे तुरंत सीएचसी भिजवाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची लगभग 10 से 15 दिन की लग रही है और उसकी हालत बेहद गंभीर है।

सांस लेने के लिए छोड़ी थी जगह:

आशंका जताई जा रही है कि सुबह-सुबह किसी निर्दयी व्यक्ति ने इस मासूम को गड्ढे में दफनाया होगा और सांस लेने के लिए थोड़ी सी जगह छोड़ी होगी। थाना प्रभारी गौरव त्यागी ने बताया कि ऐसा जघन्य कृत्य करने वाले दरिंदे की तलाश की जा रही है और बहगुल नदी की ओर जाने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

इस घटना ने समाज और मानवता पर एक गहरा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। आखिर कौन हो सकता है इतना क्रूर, जो एक नवजात को ज़िंदा दफनाने की हिम्मत करे? पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।







कोई टिप्पणी नहीं