UP Prime News: कन्नौज में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात, मां की हत्या कर बेटी को बंधक बनाया! टाइल्स ठेकेदार निकला हत्यारा
कन्नौज: यूपी के कन्नौज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसकी बेटी को बंधक बना लिया गया। लाखों की लूट को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि घर में टाइल्स लगाने वाले ठेकेदार और उसका भतीजा निकले। बेटी ने बहादुरी दिखाते हुए पड़ोसी की छत पर कूदकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद इस पूरे हत्याकांड और लूटपाट का खुलासा हुआ। बदमाश सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं, और पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
![]() |
| सुनीता श्रीवास्तव की फाइल फोटो और डरी बेटी |
विस्तार
क्या है पूरा मामला?
सोमवार दोपहर कन्नौज के मोहल्ला कुतलूपुर मकरंदनगर में दो बदमाशों ने घर में घुसकर सुनीता श्रीवास्तव (50) और उनकी बेटी कोमल (26) के हाथ-पैर बांध दिए। घर से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लूटने के बाद, बदमाशों ने रस्सी से गला कसकर सुनीता की हत्या कर दी। इसी बीच, कोमल ने किसी तरह अपने हाथ-पैर खोले और हिम्मत दिखाते हुए पड़ोसी सीमा चतुर्वेदी की छत पर कूद गई। उसने जीने का दरवाजा खटखटाया, और सीमा की बेटी मेघा के दरवाजा खोलने पर पूरी वारदात की जानकारी दी। जब तक पड़ोसी इकट्ठा होते, बदमाश मौके से फरार हो चुके थे।
पड़ोसियों ने जब घर के अंदर जाकर देखा, तो सुनीता कमरे में बेसुध पड़ी थीं। आनन-फानन में मां-बेटी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया।
![]() |
| मकान में सीसीटीवी फुटेज देखते मकरंदनगर चौकी प्रभारी करनवीर सिंह |
बेटी ने बताया, ठेकेदार ने की मां की हत्या
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी विनोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बाद में अस्पताल में कोमल से घटना के बारे में पूछा। कोमल ने बताया कि मकान में टाइल्स लगाने वाले ठेकेदार जसवंत सिंह और उसके भतीजे ने इस वारदात को अंजाम दिया है। जसवंत तिर्वा में किराये पर रहता है और पिछले तीन महीने से उनके नए बन रहे मकान में काम कर रहा था।
सीओ सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाश कैद हुए हैं, और उन्हें ट्रेस किया जा रहा है। एसपी विनोद कुमार ने आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। सुनीता के पति का आठ साल पहले निधन हो चुका है। उनकी छोटी बेटी दीया यूपी ग्रामीण बैंक ठठिया शाखा में कैशियर है।
हथौड़ा मारकर की मां की हत्या
कोमल ने बताया कि ठेकेदार जसवंत और उसके भतीजे ने पहले उसकी मां सुनीता के हाथ-पैर बांधे और फिर उनके सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। आरोपी कोमल को भी मारना चाहते थे, लेकिन उसने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से शीशे का गेट तोड़कर पड़ोस की छत पर कूदकर जान बचाई।
कोमल ने जिला अस्पताल में बताया कि सोमवार को सुनीता ने पुराने मकान में फर्श की मरम्मत के लिए जसवंत और उसके भतीजे को बुलाया था। दोपहर के समय दोनों घर आए और आंगन के पास टूटी फर्श को सही किया। उस समय सुनीता नीचे काम करवा रही थीं और कोमल दूसरी मंजिल के कमरे में टीवी देख रही थीं। जसवंत और उसके भतीजे ने मम्मी के हाथ-पैर बांध दिए और सिर में हथौड़ा मारकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वे ऊपर कोमल के कमरे में गए और उसे भी बांध दिया। दोनों ने अलमारी खोलकर उसमें रखी नकदी और जेवरात निकाल लिए। जब उन्होंने कोमल को मारने के लिए चाकू निकाला, तभी उसने छलांग लगाकर शीशे का गेट तोड़ दिया और पड़ोसन सीमा आंटी की छत पर कूद गई।
सीमा की बेटी मेघा ने बताया कि जब कोमल उनकी छत पर शोर मचा रही थी, तब उसके गले में रस्सी कसी हुई थी। छोटी बहन दीया बैंक में होने के कारण बच गई। एसपी विनोद कुमार ने मोहल्ले में पहुंचकर पड़ोसियों से भी पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
नए मकान के ठेके ने किया बर्बाद
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पति की मौत के बाद सुनीता को बीमा क्लेम के रुपये मिले थे, जिससे उन्होंने मोहल्ले में ही दूसरा प्लॉट खरीदा और उस पर बड़ा मकान बनवाया। उनका पुराना मकान दस फीट चौड़ा और 28 फीट लंबा था, जिससे रिश्तेदारों के आने पर दिक्कत होती थी। तीन महीने पहले मकान तैयार होने पर सुनीता ने जसवंत को वर्ग फीट के हिसाब से टाइल्स-पत्थर लगाने का ठेका दिया था।
कोमल की शादीशुदा जिंदगी और बलरामपुर कनेक्शन
मोहल्ले के लोगों के अनुसार, कोमल की शादी हो चुकी है, लेकिन ससुराल वालों से विवाद के चलते वह मायके में ही रह रही है। कुछ लोगों का कहना है कि वह मानसिक रूप से भी बीमार रहती है, जिसके कारण ससुराल वाले उसे नहीं बुला रहे हैं। वह अपनी मां सुनीता के साथ ही रहती थी। छोटी बेटी दीया श्रीवास्तव की अभी शादी नहीं हुई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी जसवंत मूलरूप से बलरामपुर जिले का रहने वाला है और मकानों में टाइल्स-पत्थर लगाने का काम करता है। जिले में वह तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के फगुहा गांव में विनोद दुबे के मकान में किराये पर रहता है। उसका भतीजा भी उसके साथ रहता है, जो जसवंत को पापा कहकर बुलाता है, जिससे लोग उन्हें बाप-बेटा ही समझते हैं। फगुहा में उसके परिवार के लोगों का भी आना-जाना लगा रहता है। पुलिस उन लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं