सेल्फी के चक्कर में गंगा में समाई मां-बेटी, दिवाली से पहले पसरा मातम!
कानपुर, उत्तर प्रदेश: रोशनी के पर्व दीपावली से कुछ दिन पहले कानपुर के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के फराहुरन गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गंगा में स्नान के दौरान मां और बेटी की डूबने से मौत हो गई। इस दुखद घटना ने पूरे इलाके में मातम पसरा दिया है।
![]() |
| माँ बेटी का file photo -: up. Prime news |
सुबह करीब 8 बजे प्रीति (38), अपनी बेटी निशा (15) और पड़ोसी सुनीता (46) के साथ गंगा स्नान के लिए निकली थीं। प्रीति के परिवार वाले दीपावली मनाने के लिए तीन-चार दिन पहले ही गांव आए थे। गंगा तट पर पहुंचकर प्रीति ने खुद और अपनी दोनों छोटी बेटियों मुस्कान (8) और उन्नति (5) को स्नान कराकर किनारे बैठा दिया था।
दुर्भाग्यवश, इस दौरान निशा चबूतरे पर खड़ी थी और उसने अपनी मां से एक तस्वीर लेने के लिए कहा। जैसे ही प्रीति मोबाइल उठाने लगी, निशा का पैर फिसल गया और वह गंगा के गहरे पानी में जा गिरी। अपनी बेटी को डूबते देख प्रीति और सुनीता भी उसे बचाने के लिए लहरों में कूद गईं। सुनीता किसी तरह अपने हाथ-पैर चलाकर तैरकर बाहर निकलने में सफल रहीं, लेकिन प्रीति और निशा गंगा की तेज लहरों में समा गईं।
सूचना मिलते ही नीरपुर चौकी प्रभारी राजेश कुमार रावत और कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तुरंत तलाश अभियान चलाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद मां-बेटी के शव सदूपुर के पास गंगा से बरामद हुए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह घटना परिवार और पूरे गांव के लिए एक बड़ा सदमा है। दीपावली के उल्लास से पहले हुए इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना एक बार फिर से जलस्रोतों के पास सावधानी बरतने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर देती है।

🙏🙏🙏
जवाब देंहटाएं