Breaking News

कलेजे के टुकड़े को बचाने के लिए मौत के सामने कूदी मां! पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए इस रूह कंपा देने वाले हादसे ने छीनी दो जिंदगियां

 आजमगढ़ (UP Prime News): उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक ऐसी दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसे सुनकर किसी का भी दिल दहल जाए। अपनी मासूम बेटी को मौत के मुंह से निकालने की कोशिश में एक मां ने अपनी जान की बाजी लगा दी, लेकिन अफसोस कि काल के क्रूर प्रहार ने मां और बेटी दोनों को ही हमेशा के लिए सुला दिया।

माँ - बेटी फोटो :- up prime news







कैसे हुआ यह भीषण हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, पवई थाना क्षेत्र के अहिलालपुर की रहने वाली सोनी (28 वर्ष) अपनी ढाई साल की बेटी सोनाक्षी के साथ मायके (अंबेडकर नगर) गई हुई थी। शुक्रवार को वह परिवार के साथ ऑटो से दुर्वासा ऋषि के दर्शन के लिए जा रही थी। जैसे ही ऑटो पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मुत्तक्कल्लीपुर गांव (माइलस्टोन 187) के पास पहुंचा, अचानक चलती ऑटो का दरवाजा खुल गया।

ममता की पुकार और ट्रक का कहर

दरवाजा खुलते ही मासूम सोनाक्षी सड़क पर गिर पड़ी। अपनी आंखों के सामने बच्ची को गिरता देख मां की ममता तड़प उठी और उसे बचाने के चक्कर में सोनी ने भी चलती ऑटो से छलांग लगा दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को बेरहमी से रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि मां-बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

UP Prime News की ग्राउंड रिपोर्ट:

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बदहवास परिजन आनन-फानन में दोनों के शवों को लेकर वापस घर पहुंचे। सूचना मिलने पर पहुंची मालीपुर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मुंबई में काम करने वाले पति पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतका सोनी का पति साजन मुंबई में ड्राइवरी का काम करता है। बताया जा रहा है कि हादसे से महज एक घंटा पहले ही साजन की अपनी पत्नी से फोन पर बात हुई थी, लेकिन उसे क्या पता था कि यह उनकी आखिरी बात होगी। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

सावधानी की अपील:

UP Prime News अपने पाठकों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान वाहनों के दरवाजों और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं