Breaking News

लखनऊ में 'खूनी' इश्क: "स्टेज पर डांस मत करो..." - सनकी प्रेमी ने आधी रात घर में घुसकर प्रेमिका को मारी गोली

 लखनऊ (UP Prime News Exclusive):

राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक तरफा जुनून और शक के चलते एक प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका की जान लेने की कोशिश की। UP Prime News को मिली जानकारी के मुताबिक, मामला स्टेज पर डांस करने को लेकर हुए विवाद का है, जिसने खूनी अंजाम ले लिया।

घायल युवती। - फोटो :-up prime news







क्या है पूरा मामला?
घटना लखनऊ के पारा स्थित कांशीराम कॉलोनी की है। यहाँ मकान संख्या 14/13 में रहने वाली 21 वर्षीय लक्ष्मी थापा (उर्फ लवली) अपनी बहन राधिका के साथ रहती है। लवली पेशे से एक डांसर है और स्टेज शो करती है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, सरोजनीनगर के गौरी बाजार (HDFC बैंक के पास) का रहने वाला आकाश कश्यप, लवली के साथ पिछले एक साल से रिलेशनशिप में था। लेकिन आकाश को लवली का स्टेज पर डांस करना पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे और परिजनों के मुताबिक, आकाश के अपराधी प्रवृत्ति के होने के कारण लवली ने उससे बात करना बंद कर दिया था।

रात 2 बजे की वो खौफनाक घटना
गुरुवार देर रात (शुक्रवार तड़के) करीब 2 बजे, आकाश कश्यप शराब के नशे में धुत होकर लवली के घर पहुंचा। दरवाजा खुलते ही उसने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आकाश ने आव देखा न ताव, अपनी जेब से अवैध तमंचा निकाला और लवली पर फायर कर दिया।

गोली लवली के दाहिने हाथ में कंधे के पास लगी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी और तड़पने लगी।

ब्लैक स्कॉर्पियो और पड़ोसी 'पंडित' की मदद

गोली की आवाज और चीख-पुकार सुनकर जब तक पड़ोसी मौके पर पहुंचे, आरोपी आकाश अपनी काली रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो चुका था।

खून से लथपथ लवली की जान बचाने के लिए पड़ोस में रहने वाले युवक 'पंडित' ने तत्परता दिखाई। वह घायल युवती को अपनी स्कूटी पर बैठाकर तुरंत लोकबंधु अस्पताल ले गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।

UP Prime News की पड़ताल: पुलिस का एक्शन

घटना की सूचना मिलते ही पारा पुलिस एक्शन में आ गई है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने UP Prime News को बताया कि घायल युवती की बहन राधिका की तहरीर पर आरोपी आकाश कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।

नोट: क्राइम और शहर की हर बड़ी अपडेट सबसे पहले और सटीक पाने के लिए जुड़े रहें UP Prime News के साथ।


कोई टिप्पणी नहीं