Breaking News

नशे के काले कारोबार का 'वाराणसी' कनेक्शन: 89 हजार कोडिन सिरप की बोतलों का रहस्यमयी खेल,

 वाराणसी (UP Prime News): उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नशे के अवैध कारोबार और जालसाजी का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने ड्रग विभाग से लेकर पुलिस प्रशासन तक के होश उड़ा दिए हैं। सारनाथ स्थित एक फार्मा फर्म ने कागजों पर तो हजारों की तादाद में कोडिन युक्त कफ सिरप की खरीद-फरोख्त दिखाई, लेकिन हकीकत में न तो दवा का पता है और न ही उन पैसों का।
कफ सिरप कांड फोटो :- up prime news







कागजों पर बिहार-झारखंड, असलियत में गायब!

UP Prime News को मिली जानकारी के मुताबिक, सारनाथ की 'पी़डी़ फार्मा' के संचालक विष्णु कुमार पांडेय के खिलाफ ड्रग विभाग ने एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है। जांच में खुलासा हुआ कि इस फर्म ने प्रयागराज की 'मेसर्स एमके हेल्थकेयर' से कोडिन युक्त 'एस्कफ' कफ सिरप की 89,000 बोतलें मंगवाई थीं। कागजों में यह दिखाया गया कि ये बोतलें बिहार और झारखंड की अलग-अलग फर्मों (मां दुर्गा ट्रेडर्स, अमर इंटरप्राइजेज आदि) को बेची गई हैं।

लेकिन जब ड्रग इंस्पेक्टर जुनाब अली ने जांच की, तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। जिस पते पर दवाएं भेजी गई थीं, वहां से कोई दस्तावेज नहीं मिले और न ही वाराणसी स्थित पी़डी़ फार्मा के ठिकाने पर कोई दवा या स्टॉक रजिस्टर मिला।

गोरखपुर से भी जुड़ा है तार

सिर्फ प्रयागराज ही नहीं, इस फर्म ने गोरखपुर के कूड़ाघाट स्थित 'मेसर्स वीप्रा फार्मास्युटिकल्स' से भी लगभग 13,000 बोतलें फेंसेडिल कफ सिरप की मंगवाई थीं। इन बोतलों का भी कोई हिसाब-किताब विभाग को नहीं दिया गया। पोर्टल पर दर्ज मोबाइल नंबर भी बंद पाए गए, जिससे साफ जाहिर होता है कि यह एक सोची-समझी बड़ी साजिश है।

40 फर्मों पर गिरी गाज, अफसरों की भी खैर नहीं!

इस बड़े घोटाले की आंच अब उन अधिकारियों तक भी पहुँचने वाली है जिन्होंने पिछले तीन सालों में इन फर्मों को लाइसेंस जारी किए थे। लखनऊ से आईं एडिशनल कमिश्नर रेखा एस. चौहान ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताई है। अब वाराणसी और आसपास के जिलों के उन अधिकारियों की फाइलें दोबारा खोली जा रही हैं, जिनके कार्यकाल में ये लाइसेंस जारी हुए थे।

UP Prime News विशेष:

अब तक इस पूरे नेक्सस में शामिल 40 फर्मों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। ड्रग विभाग का मानना है कि इन दवाओं का इस्तेमाल नशे के रूप में अवैध तरीके से किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश की ऐसी ही तमाम बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए देखते रहिए UP Prime News।

कोई टिप्पणी नहीं