Kannauj : सात घरों में दौड़ता रहा हाई वोल्टेज करंट, 37 जख्मी; 6 की हालत गंभीर
Headline : गुरसहायगंज के मोहल्ला सीमांत नगर में 15 मिनट तक सात घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ता रहा। इससे 37 लोग जख्मी हो गए। 6 की हालत गंभीर हैं।
विस्तार
कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कस्बे में शाम को बिजली विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सात घरों पर गिर गया। हादसे में करीब 37 लोग घायल हो गए। इनमें 6 लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों ने बताया कि करीब 16 मिनट तक वह लोग तड़पते और चीखते-चिल्लाते रहे। मोहल्ले के एक व्यक्ति ने बाइक से उपकेंद्र जाकर आपूर्ति बंद कराई, तब जाकर करंट का प्रवाह बंद हुआ। 6 गंभीर घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गुरसहायगंज के मोहल्ला सीमांत नगर में बुधवार शाम सात बजे बारिश के दौरान लोग अपनों के घरों के अंदर थे। उसी दौरान नन्हे, अब्दुल गफ्फार, हसीब, वहीद, उस्मान, नौशाद व मोहम्मद नायाब के घरों के ऊपर से गुजरी एचटी बिजली लाइन का तार अचानक टूट कर गिर गया। इससे इन घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ने लगा। करंट की चपेट में आने से लोग बेहोश होकर गिरने लगे। लगातार करंट प्रवाहित होने से आसपास के लोग मदद भी नहीं कर पाए, तब कुछ लोग बिजली उपकेंद्र पंहुचे। इसके बाद बिजली सप्लाई बंद कराई गई।
गुरसहायगंज के गांधीनगर फीडर बंद होने के बाद लोगों ने घायलों की मदद की। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में महिलाओं समेत तकरीबन 37 लोग आए, जिनमें से लगभग 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इन सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। दो से तीन गंभीर घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर भी किया गया है।
टिन शेड से होकर दौड़ती रही करेंट
सीमांत नगर निवासी हसीब के मकान के आगे टिनशेड पड़ा है। शेड के ऊपर तार टूटने से उनके घर के लोग बिजली करंट से झुलस गए और करंट का सबसे ज्यादा असर उनके घर पर हुआ है। मोहल्ले के ही नन्हे अली के घर के सभी सदस्य बिजली करंट से झुलस गए हैं।
बारिश के कारण हुए फाल्ट की वजह से तार टूटकर मकान की छतों पर गिरा है। बिजली लाइन पहले से निकली है, उसके बाद लोगों ने घर बनाए हैं। इस कारण घरों की छतों पर बिजली के तार गिरे हैं। - ब्रजेश कुमार सरोज, एसडीओ गुरसहायगंज
नई बस्ती है और लोगों ने लाइन के नीचे अपने घर बना लिए हैं। घटना के संबंध में एसडीओ को जांच के आदेश दिए गए हैं। - राजीव कुमार भारती, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड छिबरामऊ

कोई टिप्पणी नहीं