UP PRIME NEWS: लखीमपुर खीरी में शारदा का कहर! आंखों के सामने नदी में समाए 10 घर, युवती ने भागकर बचाई जान
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में शारदा नदी का विकराल रूप लगातार तबाही मचा रहा है। निघासन तहसील क्षेत्र के ग्रंट 12 गांव में नदी का कटान थमने का नाम नहीं ले रहा, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं। बीते 12 घंटों (बृहस्पतिवार शाम से शुक्रवार सुबह तक) में 10 और मकान नदी की तेज धारा में समा गए हैं। इस गांव में अब तक कुल 101 घर शारदा नदी की भेंट चढ़ चुके हैं।
![]() |
| मकान गिरने के दौरान भागती युवती -up prime news |
विस्तार
आंखों के सामने ढह गया मकान, युवती ने ऐसे बचाई जान
शुक्रवार को कटान के दौरान एक ऐसा भयावह दृश्य सामने आया, जब एक युवती बाल-बाल बची। युवती अपने घर के बाहर खड़ी थी, तभी अचानक उसका पूरा मकान भरभरा कर नदी में समा गया। युवती ने तेजी से भागकर अपनी जान बचाई। इस घटना का वीडियो ग्रामीणों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया, जो शारदा के कहर की भयावहता को दिखाता है।
जिन परिवारों के मकान नदी में समाए हैं उनमें रामश्री, चंद्रकली, डालचंद, महेश, लज्जावती, अभिषेक, शिवराम, शांतई, धर्मेंद्र और राधेश्याम के घर शामिल हैं।
बेघर हुए परिवारों की गुहार, प्रशासन पर आरोप
नदी के कटान से बेघर हुए सैकड़ों परिवार अब खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हैं। उनकी आंखों में भविष्य की चिंता और प्रशासन से मदद की आस साफ दिख रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की तरफ से कोई ठोस बचाव कार्य नहीं किया जा रहा है। उन्हें सिर्फ मुआवजे का आश्वासन देकर खानापूरी की जा रही है, लेकिन न तो कोई राहत सामग्री मिल रही है और न ही सुरक्षित ठिकाना।
तहसीलदार ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
इस संबंध में तहसीलदार मुकेश वर्मा ने बताया कि कटानग्रस्त क्षेत्र पर नजर रखने के लिए लेखपाल को तैनात किया गया है। रोजाना शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है और जल्द ही प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं