Breaking News

UP PRIME NEWS: कन्नौज में 'खूनी ड्रामा'! पत्नी के लिए सिरफिरे आशिक ने बच्चों को बनाया बंधक, SOG मुठभेड़ में घायल

 कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक सिरफिरे आशिक ने अपनी बिछड़ी पत्नी को वापस बुलाने के लिए उसके दो मासूम बच्चों को आठ घंटे तक तमंचे के बल पर बंधक बनाए रखा। इस हाई-वोल्टेज ड्रामा में आरोपी ने कभी बच्चों के मुंह में तमंचे की नाल डाली तो कभी उनकी कनपटी पर सटाकर मौत का खौफ पैदा किया। हालांकि, पुलिस की सूझबूझ और जवाबी कार्रवाई से बच्चों को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया और आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जिसमें एक SOG प्रभारी भी घायल हुए हैं।

खुद की कनपटी पर तमंचा लगाकर धमकी देता आरोपी दीपू -photo: up prime news










विस्तार 

जानिए क्या हुआ उस खौफनाक दिन?

छिबरामऊ इलाके में शुक्रवार सुबह तालग्राम के सलेमपुर निवासी दीपू चक ने अपनी पत्नी को बुलवाने के लिए उसके दो बच्चों को बंधक बना लिया। दीपू ने चार महीने पहले छिबरामऊ की एक महिला से कोर्ट मैरिज की थी, जिसके पहले पति की मौत हो चुकी थी। महिला की 13 साल की बेटी और आठ साल का बेटा नानी के घर रहते थे। कुछ दिन पहले महिला दीपू को छोड़कर चली गई थी।

बच्चे को पकड़कर बैठा आरोपी दीपू -photo: up prime news










सुबह से शाम तक चला बंधक बनाने का खेल

एएसपी अजय कुमार के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे दीपू पत्नी की तलाश में उसके मायके पहुंचा। वहां उसने महिला के दोनों बच्चों को एक कमरे में तमंचा सटाकर बंधक बना लिया। लोगों की सूचना पर 12:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और दीपू को समझाने का प्रयास किया।

मौके पर जमा लोग और पुलिस -photo : up prime news










बंधक बनी बेटी ने दिखाई सूझबूझ

बंधक बनाए जाने के कुछ देर बाद, मौका पाकर बेटी किसी तरह कमरे से बाहर निकलने में सफल रही। एएसपी अजय कुमार घंटों दीपू से दरवाजा खुलवाने के लिए बातचीत करते रहे, लेकिन वह अपनी पत्नी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। इस दौरान दीपू खुद को और बच्चों को गोली मारने की धमकी देता रहा।

आरोपी के चंगुल से सकुशल छूटा बच्चा - photo: up prime news










एनकाउंटर में घायल हुआ सिरफिरा, SOG प्रभारी भी चोटिल

शाम करीब 7:13 बजे SOG प्रभारी देवेश पाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दीपू को पत्नी को बुलवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दीपू ने बेटे को कमरे से बाहर निकाला। जैसे ही SOG प्रभारी दीपू को पकड़ने लगे, उसने तमंचे से फायर कर दिया। गोली SOG प्रभारी के हाथ को छूते हुए निकल गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली दीपू के पैर में लगी और शाम करीब 7:15 बजे उसे गिरफ्तार कर सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एनकाउंटर के बाद आरोपी गिरफ्तार -photo: up prime news










बच्चे की जुबान पर दहशत का ताला

आठ घंटे तक मौत के खौफ में रहा आठ वर्षीय बच्चा इस कदर सहमा हुआ था कि दीपू के चंगुल से छूटने के बाद उसके मुंह से एक भी शब्द नहीं निकला। भूखे-प्यासे बच्चे के लिए लोगों ने भोजन और पानी का इंतजाम किया, लेकिन उसकी आंखों में मौत का मंजर साफ दिख रहा था। पुलिसकर्मियों और आसपास के लोगों ने उसे ढांढ़स बंधाया।

आरोपी के चंगुल से सकुशल छूटा बच्चा - up prime news










दीपू ने वीडियो कॉल पर भी दिखाया गुस्सा

एसपी विनोद कुमार ने बताया कि दीपू की पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कराई गई, लेकिन इससे वह और आक्रोशित हो गया और बच्चे के सिर पर तमंचा लगा दिया। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दीपू के पास से सात कारतूस बरामद हुए हैं। दीपू लगातार अधिकारियों को धमकी देता रहा कि जब तक उसकी पत्नी मौके पर नहीं आएगी, वह न तो खुद की कनपटी से तमंचा हटाएगा और न ही बच्चे को छोड़ेगा।

1 टिप्पणी: