Breaking News

UP Prime News: वाराणसी में 'बर्थडे पार्टी' का बेख़ौफ़ हुड़दंग! केंद्रीय जल आयोग परिसर में सरेआम बंटी बीयर, '1112' नंबर के केक पर हंगामा!

 UP Prime News: वाराणसी में जन्मदिन की पार्टियों का 'नया ट्रेंड' अब बेख़ौफ़ हुड़दंग में बदलता जा रहा है! कैंट थाना क्षेत्र के जेपी मेहता तिराहे स्थित केंद्रीय जल आयोग परिसर रविवार को ऐसी ही एक जन्मदिन पार्टी का गवाह बना, जहां सरेआम बीयर की केन बांटी गईं और 100 से अधिक युवकों की भीड़ जमा हो गई। इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बर्थडे पार्टी में बांटी गई बीयर केन -photo: up prime news






विस्तार 

क्या है पूरा मामला?

रविवार को एक युवक के जन्मदिन के अवसर पर केंद्रीय जल आयोग परिसर में एक बड़ा जमावड़ा लगा। इस पार्टी में सत्ता पक्ष से जुड़े नेता, यूपी कॉलेज के छात्र नेता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और आसपास के जिलों से भी युवा शामिल हुए। यहाँ अलग-अलग 10 से 12 केक मंगाए गए थे, जिनमें चार '1112' नंबर के केक विशेष रूप से टेबल पर रखे थे। हैरानी की बात यह है कि इन केक के साथ कार्टून में बीयर की केन भी रखी थीं, जिन्हें आवाजाही करने वाले युवाओं को खुलेआम बांटा जा रहा था। एक मिर्जापुर का इन्फ्लूएंसर भी इस पार्टी में मौजूद था, जो सोशल मीडिया पर शराब और बीयर के वीडियो कंटेंट बनाता है। फेसबुक लाइव वीडियो में भी खुलेआम बीयर बांटते हुए देखा गया।

पुलिस की कार्रवाई और भागे आरोपी:

सूचना मिलने पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बीयर बांटने वाले युवक मौके से भाग निकले। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जन्मदिन मनाने वाले कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को वीडियो, फोटो और अन्य साक्ष्य मिले हैं, जिनमें बीयर बांटते हुए स्पष्ट दिख रहा है। आरोपियों के खिलाफ जल्द ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

पुलिस का अभियान और जन्मदिन पार्टियों का 'ट्रेंड':

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर शहर के सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम शराब और बीयर का सेवन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

वाराणसी में इन दिनों जन्मदिन की पार्टियों का जश्न मनाने का तरीका एक नया 'ट्रेंड' बन चुका है। लग्जरी गाड़ियों के बोनट पर ढेर सारे केक काटना, आतिशबाजी करना और अब सार्वजनिक स्थानों पर बीयर बांटना जैसी हरकतें आम होती जा रही हैं। बीएचयू के सिंहद्वार, कचहरी, मुड़ कट्टा बाबा, रविंद्रपुरी, श्रीनगर कॉलोनी, चांदपुर, रिंग रोड फेज-1 और 2, संदहा चौराहा जैसे स्थान ऐसी पार्टियों के मुख्य केंद्र बन गए हैं। इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ती अराजकता और ऐसे 'ट्रेंड' पर लगाम लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।



2 टिप्‍पणियां: