Breaking News

UP Prime News:उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन! 24 घंटे में दो इनामी ढेर, कई गिरफ्तार

 उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति लगातार जारी है। इसी क्रम में, पिछले 24 घंटों के भीतर राज्य भर में पुलिस ने कई सफल मुठभेड़ों को अंजाम दिया है, जिसमें दो खूंखार इनामी बदमाश मारे गए हैं, जबकि कई अन्य घायल हुए और गिरफ्तार किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई ने अपराधियों में हड़कंप मचा दिया है और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

मुजफ्फरनगर में एनकाउंटर के बाद पकड़े गए बदमाश 







लखनऊ में ढेर हुआ डेढ़ लाख का इनामी गुरसेवक

राजधानी लखनऊ में रविवार देर शाम पुलिस और डेढ़ लाख के इनामी बदमाश गुरसेवक के बीच हुई मुठभेड़ में गुरसेवक मारा गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में ढेर हुए गुरसेवक पर उन्नाव के एक कैब ड्राइवर के अपहरण और सीतापुर में उसकी हत्या का आरोप था। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, खुद को घिरा देख गुरसेवक ने पुलिस टीम पर 4 से 5 राउंड फायरिंग की, जिसमें क्राइम ब्रांच के एक इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल गुरसेवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि गुरसेवक पर हत्या, दुष्कर्म और लूट के कई गंभीर मामले दर्ज थे।

घायल बदमाश :- up prime news








मेरठ में 25 हजार का इनामी निककी मुठभेड़ में मारा गया

मेरठ में आज तड़के पुलिस और इनामी बदमाश शाहजाद उर्फ निककी के बीच हुई मुठभेड़ में शाहजाद मारा गया। शाहजाद 25 हजार का इनामी अपराधी था और मासूम बच्चियों से दुष्कर्म के मामलों में वांछित था। दरअसल, सुबह सरूरपुर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से शाहजाद घायल हो गया, जिसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। शाहजाद के खिलाफ सात आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, और उस पर 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला भी था।

घायल बदमाश :-up prime news









मुजफ्फरनगर में 6 बदमाश गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर जिले में देर रात तितावी थाना पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में चार बदमाश आरिफ उर्फ पिरी, राशिद उर्फ पप्पू, समीर उर्फ शहजाद और अरशद घायल हो गए। इनके दो साथी सोनू उर्फ अजीत और जानू उर्फ जान मोहम्मद को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से 2 कार, 1 मोटरसाइकिल, 4 तमंचे और ट्रांसफार्मर चोरी का माल बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी :-up prime news


झांसी में ई-रिक्शा लुटेरों से मुठभेड़, एक बदमाश घायल

झांसी में ई-रिक्शा लूटकर भाग रहे बदमाशों का पुलिस ने 3 घंटे में पीछा किया और मुठभेड़ कर दिया। बदमाशों ने सवारी बनकर ई-रिक्शा, मोबाइल और 200 रुपये लूटे थे। पुलिस की घेराबंदी करने पर बदमाशों ने फायरिंग की। पुलिस की जवाबी हमले में विजय नाम के एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके सहयोगी करन को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से लूटा हुआ ई-रिक्शा और अन्य सामान बरामद हुआ है।

सोनभद्र में पशु तस्करों से भिड़ी पुलिस

सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र के जंगल में रविवार की सुबह पशु तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की आत्मरक्षा में चलाई गई गोली से झारखंड निवासी रफीक नाम का एक बदमाश घायल हो गया, जबकि चार अन्य तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से 22 गोवंश, एक देसी तमंचा, कारतूस और झारखंड नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल रफीक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


कोई टिप्पणी नहीं