UP में एक और 'सीमा हैदर' जैसी लव स्टोरी: सउदी में प्यार, नेपाल के रास्ते अवैध एंट्री; एक 'रील' ने खोल दी बांग्लादेशी बेगम की पोल
(UP Prime News | अमरोहा)
प्यार, सरहद और अवैध घुसपैठ की एक और हैरान करने वाली कहानी उत्तर प्रदेश के अमरोहा से सामने आई है। यहाँ 'सीमा हैदर' की तर्ज पर एक बांग्लादेशी महिला अपने भारतीय पति के साथ अवैध रूप से रह रही थी। दोनों की लव स्टोरी की शुरुआत सउदी अरब में हुई, लेकिन इनका अंत सलाखों के पीछे हुआ।
![]() |
| रीना बेगम फोटो :- up prime news |
पढ़िए UP Prime News की यह खास रिपोर्ट, आखिर कैसे एक 'रील' ने इस राज से पर्दा उठा दिया।
सउदी अरब के अस्पताल में शुरू हुई थी प्रेम कहानी
अमरोहा के मोहल्ला कटरा निवासी राशिद अली और बांग्लादेश (ढाका) की रहने वाली रीना बेगम की मुलाकात भारत या बांग्लादेश में नहीं, बल्कि सउदी अरब के मदीना शहर में हुई थी। दोनों वहां के एक अस्पताल में काम करते थे—रीना साफ-सफाई का काम करती थी और राशिद फर्नीचर का। साथ काम करते-करते दोनों में प्यार हुआ और साल 2021 में उन्होंने सउदी अरब में ही निकाह कर लिया।
ससुर की मौत और नेपाल का 'प्लान'
जानकारी के मुताबिक, रीना के पिता सुलेमान शेख के निधन के बाद वह ढाका (बांग्लादेश) चली गई थी। इस दौरान राशिद दो बार उससे मिलने बांग्लादेश भी गया। इसके बाद दोनों ने भारत आने का एक खतरनाक प्लान बनाया। अक्टूबर 2025 में राशिद और रीना ने टूरिस्ट वीजा पर नेपाल में एंट्री की और फिर नेपाल के महेंद्र नगर बॉर्डर के रास्ते अवैध रूप से भारत में घुस आए।
डेढ़ महीने से छिपे थे, सोशल मीडिया ने पहुंचाया जेल
पिछले करीब डेढ़ महीने से रीना और राशिद अमरोहा में छिपकर रह रहे थे। पुलिस को चकमा देने में वे कामयाब थे, लेकिन रीना का 'रील' बनाने का शौक उन पर भारी पड़ गया।
रीना फेसबुक पर काफी एक्टिव थी और अक्सर रील्स पोस्ट करती थी।
सउदी से निकलते वक्त उसने प्लेन में बैठकर एक रील बनाई थी।
मोहल्ले के ही किसी व्यक्ति ने राशिद की आईडी पर रीना की पोस्ट देखी, जिसमें बांग्लादेश का जिक्र था। इसी सूचना पर खुफिया तंत्र सक्रिय हो गया।
ATS और इंटेलिजेंस की 8 घंटे की मैराथन पूछताछ
मामला संदिग्ध लगते ही पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए।
एटीएस (ATS) और खुफिया विभाग की टीमों ने बंद कमरे में करीब 8 घंटे तक दोनों से गहन पूछताछ की।
पूछताछ में यह जानने की कोशिश की गई कि कहीं इनका मकसद जासूसी या सुरक्षा में सेंध लगाना तो नहीं था।
कोर्ट ने भेजा जेल, डिपोर्ट करने की तैयारी?
पुलिस ने दोनों के खिलाफ विदेशी अधिनियम (Foreigners Act) की धारा 14 और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रीना के पास वैध वीजा नहीं था, इसलिए कोर्ट के आदेशानुसार उसे वापस बांग्लादेश डिपोर्ट (भेजा) भी जा सकता है।
UP Prime News का निष्कर्ष:
यह मामला सिर्फ एक लव स्टोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सीमा सुरक्षा में बड़ी चूक की ओर भी इशारा करता है। नेपाल बॉर्डर से लगातार हो रही अवैध घुसपैठ सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। फिलहाल, पुलिस मोहल्ला कटरा में अन्य संदिग्धों पर भी नजर रख रही है।

कोई टिप्पणी नहीं