Breaking News

यूपी के इस जिले में 'यमराज' बनकर घूम रहा है तेंदुआ! बछड़े को जबड़े में दबाकर चढ़ा पेड़ पर, दहशत में ग्रामीण

 बलरामपुर (UP Prime News): उत्तर प्रदेश के तराई इलाकों में जंगली जानवरों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि अब लोग अपने ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। ताजा मामला बलरामपुर जिले के सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग से सामने आया है, जहां एक खूंखार तेंदुए ने ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ा दी है।

पेड़ पर चड़ा तेंदुआ :- up। prime news







रात के अंधेरे में तेंदुए का खूनी खेल

UP Prime News के स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जनकपुर रेंज के भंगही गांव में शुक्रवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक तेंदुए ने गांव में घुसकर जगतपाल नाम के ग्रामीण के बछड़े पर हमला कर दिया। तेंदुआ बछड़े को अपने जबड़ों में दबाकर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी बछड़े की चीख और ग्रामीणों के शोर ने सन्नाटा चीर दिया।

जब पेड़ पर चढ़ गया शिकारी

ग्रामीणों की बहादुरी की तारीफ करनी होगी! शोर सुनकर भारी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर तेंदुए के पीछे दौड़ पड़े। खुद को घिरता देख तेंदुआ बछड़े को छोड़कर पास ही के एक सागौन के ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया। काफी देर तक ग्रामीण नीचे डटे रहे और तेंदुआ ऊपर पेड़ की टहनियों के बीच छिपा रहा। बाद में ग्रामीणों ने उसे खदेड़कर वापस जंगल की ओर भगाया।

4 दिन में 3 शिकार: दहशत का साया

ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले मात्र 4 दिनों के भीतर यह तेंदुआ दो बकरियों और एक बछड़े को अपना निवाला बना चुका है। इलाके में इस कदर डर है कि शाम होते ही लोग घरों के दरवाजे बंद कर लेते हैं। ग्रामीणों को डर है कि अगर जल्द ही तेंदुए को नहीं पकड़ा गया, तो वह मासूम बच्चों पर भी हमला कर सकता है।

वन विभाग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

UP Prime News की पड़ताल में पता चला कि ग्रामीण प्रशासन की कार्यप्रणाली से बेहद नाराज हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की टीम सिर्फ कागजों पर निगरानी कर रही है, जबकि धरातल पर कोई सुरक्षा नहीं है। विनय, मुकेश और नंदकुमार जैसे ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि वे जल्द ही जिलाधिकारी (DM) से मिलकर गांव में पिंजरा लगवाने की मांग करेंगे।

अधिकारियों का क्या है कहना?

इस पूरे मामले पर जनकपुर रेंज के रेंजर अमजीत प्रसाद ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार इलाके की निगरानी कर रही है। ग्रामीणों से संवाद किया जा रहा है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

बचाव के लिए सुझाव (UP Prime News Special):

शाम के बाद अकेले अंधेरे रास्तों पर न निकलें।

बच्चों और पालतू जानवरों को सुरक्षित बाड़ों में रखें।

तेंदुआ दिखने पर उसे घेरने या उकसाने के बजाय तुरंत अधिकारियों को सूचना दें।

कोई टिप्पणी नहीं