Breaking News

काशी में गंगा स्नान, घर में खून के निशान: इकलौते बेटे ने मां-बाप को सिलबट्टे से उतारा मौत के घाट, वजह जान हैरान रह जाएंगे आप!

 जौनपुर | UP Prime News

उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों पर से भरोसा उठा दिया है। एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही जन्नत (माता-पिता) को मौत की नींद सुला दिया और उसके बाद पाप धोने के लिए काशी जाकर गंगा स्नान भी किया। UP Prime News आपको बताने जा रहा है इस दोहरे हत्याकांड की पूरी और रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी।

बुर्जुग माता -पिता फोटो :- up prime news







क्या है पूरा मामला?

जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में रहने वाले रिटायर्ड लोको पायलट श्याम बहादुर और उनकी पत्नी बबीता देवी अचानक गायब हो गए। लेकिन यह गुमशुदगी नहीं, बल्कि एक सोची-समझी खौफनाक साजिश थी। उनके इकलौते बेटे अम्बेश कुमार ने ही 8 दिसंबर की रात को इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

हत्या की रात की खौफनाक दास्तां

UP Prime News को मिली जानकारी के मुताबिक, 8 दिसंबर की रात घर में पैसों को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर अम्बेश ने घर में रखे सिलबट्टे (पत्थर) से अपने माता-पिता के सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी।

हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद उसने दोनों के शवों को बोरों में भरा और अपनी कार की पिछली सीट पर रखा। वह लाशों को लेकर घर से करीब 8 किलोमीटर दूर बेलाव घाट (गोमती नदी) गया और शवों को नदी में फेंक दिया।

पाप धोने पहुंचा काशी और किया 'दृश्यम' जैसा नाटक

माता-पिता को नदी में फेंकने के अगले दिन अम्बेश काशी (वाराणसी) गया। वहां उसने गंगा स्नान किया और घाटों पर घूमता रहा, मानो कुछ हुआ ही न हो। खुद को बचाने के लिए उसने 9 दिसंबर को घर आकर माता-पिता के लापता होने का नाटक शुरू कर दिया। उसने रिश्तेदारों को फोन कर झूठी कहानी सुनाई कि माँ-बाप मिल नहीं रहे हैं।

ऐसे खुला राज: बहन को हुआ शक

अम्बेश की इस चाल का पर्दाफाश तब हुआ जब उसकी बहन वंदना (निवासी सिंधौरा) को अनहोनी की आशंका हुई। वंदना ने जफराबाद थाने में माता-पिता और भाई, तीनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने जब जांच शुरू की और अम्बेश से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह बार-बार बयान बदलने लगा। आखिरकार, पुलिस की सख्ती के आगे वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

क्यों बना बेटा हैवान? (वजह)

इस नृशंस हत्या के पीछे दो मुख्य कारण सामने आए हैं:

पैसा और जायदाद: अम्बेश का पिता से अक्सर पैसों को लेकर झगड़ा होता था।

लव मैरिज और कोलकाता शिफ्ट होने की जिद: अम्बेश ने 5 साल पहले कोविड काल में कोलकाता की एक महिला से प्रेम विवाह किया था, जो वहां पार्लर चलाती थी। अम्बेश अपनी पत्नी के साथ कोलकाता शिफ्ट होना चाहता था और पिता के पैसे से वहां सेटल होना चाहता था, लेकिन माता-पिता इसके खिलाफ थे। वह अपनी पत्नी के साथ रहने के लिए इतना उतावला था कि उसने अपने ही माता-पिता को रास्ते से हटा दिया।

पुलिस की कार्रवाई

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गोमती नदी में शवों की तलाश के लिए 15 गोताखोरों की टीम लगाई है। आरोपी अम्बेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। UP Prime News की टीम इस मामले पर नजर बनाए हुए है।

ब्यूरो रिपोर्ट, UP Prime News

(रिश्तों को शर्मसार करने वाली ऐसी ही सच्ची और सटीक खबरों के लिए पढ़ते रहें यूपी प्राइम न्यूज़)


कोई टिप्पणी नहीं