कानपुर: भाभी की सूनी गोद भरने के लिए मासूम का अपहरण, 4 घंटे में पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद किया
कानपुर: भाभी की सूनी गोद भरने के लिए मासूम का अपहरण, 4 घंटे में पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद किया
![]() |
| अपहरण कर्ता और सकुशल बच्ची फोटो :-up prime news |
विस्तार
कानपुर | UP PRIME NEWS
कानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला ने अपनी भाभी की गोद भरने के इरादे से 40 दिन की मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया। बच्ची की मां के कोतवाली पहुंचने के बाद पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत तेजी से कार्रवाई की और महज चार घंटे के भीतर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
डाकघर से बच्ची को लेकर फरार हुई महिला
नौबस्ता के बूढ़पुर मछरिया की रहने वाली फरहा नाज अपनी नवजात बच्ची के साथ बड़ा चौराहा स्थित मुख्य डाकघर में आधार कार्ड संशोधन के लिए गई थीं। वहां बच्ची की देखभाल और फॉर्म भरने में हो रही परेशानी के दौरान एक अनजान महिला ने मदद करने की पेशकश की। फरहा ने उस पर भरोसा करते हुए अपनी बच्ची को उसकी गोद में दे दिया और खुद फॉर्म भरने में व्यस्त हो गईं। लेकिन इसी दौरान आरोपी महिला ने मौका पाकर बच्ची को लेकर फरार हो गई।
बच्ची की मां पहुंची कोतवाली, पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
जब फरहा फॉर्म भरकर मुड़ीं, तो उनकी बच्ची और वह महिला वहां से गायब थी। घबराई मां रोते हुए लोगों से मदद मांगने लगी, जिसके बाद मौके पर पुलिस को बुलाया गया। UP PRIME NEWS को मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली प्रभारी जगदीश पांडेय ने तुरंत डाकघर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
चार घंटे में आरोपी गिरफ्तार, बच्ची सकुशल बरामद
सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने चमनगंज इलाके में महिला की पहचान की और स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी तक पहुंच गई। आरोपी महिला अफसाना, चमनगंज निवासी मो. निसार के घर में छिपी थी। पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया और बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
भाई-भाभी की सूनी गोद भरने के लिए किया अपहरण
पुलिस पूछताछ में आरोपी अफसाना ने खुलासा किया कि उसके भाई की शादी को कई साल हो चुके हैं, लेकिन उन्हें संतान नहीं हुई। इसी कारण वह अपनी भाभी की सूनी गोद भरने के इरादे से नवजात बच्ची का अपहरण कर ले गई। हालांकि, उसने यह भी कहा कि यह पहले से कोई सोची-समझी साजिश नहीं थी।
UP PRIME NEWS की टीम की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने आरोपी महिला पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। बच्ची को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस की तेज कार्रवाई से एक मां का दर्द कुछ ही घंटों में दूर हो गया।

कोई टिप्पणी नहीं