Breaking News

ऑनलाइन वजन घटाने की दवाई बनी जानलेवा, किसान नेता की किडनी फेल – छह महीने में मौत

 ऑनलाइन वजन घटाने की दवाई बनी जानलेवा, किसान नेता की किडनी फेल – छह महीने में मौत

फुरकान पहलवान का file photo :up prime news 📰







विस्तार 

बागपत | UP Prime News

वजन घटाने की चाहत में बिना सोचे-समझे ऑनलाइन दवाई मंगवाना जानलेवा साबित हो सकता है। बागपत जिले के किसान मजदूर संगठन के जिला उपाध्यक्ष फुरकान पहलवान (40) की ऐसी ही एक दवाई के कारण किडनी फेल हो गई और छह महीने की तकलीफ के बाद उनकी मौत हो गई।


ऑनलाइन दवा से घटा वजन, बिगड़ गई सेहत

बागपत की माता कॉलोनी के रहने वाले फुरकान पहलवान का वजन तेजी से बढ़ रहा था, जिससे परेशान होकर उन्होंने सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर वजन कम करने की दवा मंगवाई। दवा खाने के बाद वजन तेजी से कम होने लगा, लेकिन जल्द ही इसका साइड इफेक्ट दिखने लगा। उनके पेट में दर्द शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे गंभीर होता चला गया।

परिवार वालों ने पहले स्थानीय डॉक्टरों से इलाज कराया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। जब हालत और बिगड़ी, तो उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया। जांच में सामने आया कि ऑनलाइन मंगवाई गई दवाई से उनकी किडनी खराब हो गई। लगातार इलाज और डायलिसिस के बावजूद उनकी हालत नहीं सुधरी और रविवार को उनका निधन हो गया।


नेताओं ने जताया शोक, सपा में रह चुके थे कई पदों पर

फुरकान पहलवान समाजवादी पार्टी में भी सक्रिय थे और नगर अध्यक्ष व जिला सचिव जैसे पदों पर रहे थे। उनके निधन की खबर सुनते ही सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष बिल्लू प्रधान, रालोद नेता डॉ. शकील अहमद, चेयरमैन राजुद्दीन, वसीम खोखर समेत कई स्थानीय नेता शोक जताने पहुंचे।

डॉक्टरों की सलाह – बिना परामर्श के न लें कोई दवा

जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. दीपक कुमार ने UP Prime News से बात करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले वजन घटाने के लुभावने विज्ञापनों से बचना चाहिए। वजन कम करने के लिए दवाओं के बजाय स्वस्थ खानपान और नियमित व्यायाम करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवाई लेना घातक हो सकता है।

सबक: लुभावने विज्ञापनों के चक्कर में न पड़ें

फुरकान पहलवान का मामला उन सभी लोगों के लिए सबक है जो तेजी से वजन कम करने के लालच में बिना सोचे-समझे दवाईयों का सेवन करते हैं। उनकी मौत एक चेतावनी है कि स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए और कोई भी दवा लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है।


(UP Prime News – आपकी अपनी खबर, सबसे पहले, सबसे सटीक)

कोई टिप्पणी नहीं