Breaking News

शादी से इनकार के बाद युवती ने दी जान, खुशी के घर में पसरा मातम

 शादी से इनकार के बाद युवती ने दी जान, खुशी के घर में पसरा मातम

युवती का file photo :- up prime news 📰

विस्तार 

इंदरगढ़ (कन्नौज) | UP Prime News

कन्नौज के इंदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम लालशाहपुरवा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। घर में शहनाई बजने की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक मातम पसर गया। 20 वर्षीय युवती लाली ने वर पक्ष के शादी से इनकार करने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।


शादी की तैयारियों के बीच टूटा रिश्ता

लाली की शादी औरैया जिले के थाना अछल्दा क्षेत्र के ग्राम सेऊपुर निवासी विपिन राजपूत से तय हुई थी। 26 जनवरी को गोद भराई की रस्म पूरी हो चुकी थी। 6 फरवरी को तिलक था और 14 फरवरी को बारात आनी थी। घर में उत्सव का माहौल था, लेकिन रविवार की सुबह एक फोन कॉल ने सब कुछ बदल दिया।

दूल्हे के पिता संतोष राजपूत ने लाली के पिता बहादुर सिंह को फोन कर बताया कि उनका बेटा विपिन अचानक कहीं चला गया है, इसलिए शादी नहीं हो सकती। यह कहते हुए उन्होंने फोन काट दिया। इस खबर से पूरा परिवार सकते में आ गया। बहादुर सिंह इस मामले की जानकारी लेने के लिए सेऊपुर निकलने वाले थे, लेकिन इसी बीच घर से दिल दहला देने वाली खबर आ गई।


फंदे से झूल गई बेटी

वर पक्ष की बेरुखी और शादी टूटने के सदमे से लाली ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मां कुसुमा देवी ने जब बेटी को फंदे से लटकता देखा तो उन्होंने शोर मचाया। परिवार के लोग दौड़कर आए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी पारुल चौधरी ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


खुशियों का घर मातम में बदला

लाली अपने परिवार की तीसरी बेटी थी। दो बहनों की शादी हो चुकी थी और घर में अब उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन एक झटके में सारी खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों को अभी तक इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा है कि जिस घर में शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं।


UP Prime News इस घटना से जुड़े हर अपडेट को आपके सामने लाता रहेगा।











कोई टिप्पणी नहीं