Breaking News

UP Prime News: बरेली में दर्दनाक वारदात — चचेरे भाई ने छात्रा शिवानी को पीट-पीटकर मौत के घाट उतारा, आरोपी फरार

 बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय छात्रा शिवानी की उसके चचेरे भाई ने मामूली विवाद में पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर पोस्टमॉर्टम कराया, आरोपी परिवार सहित फरार।

शिवानी 📁file photo -: up prime news 







विस्तार 

UP Prime News — बरेली

बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव पिंदारी अभय चंद्र में एक युवक रिंकू ने अपनी चचेरी बहन शिवानी (20) को मामूली विवाद में इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई।


शिवानी बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी और मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत स्थानीय अग्निशमन केंद्र में प्रशिक्षण ले रही थी। उसकी आकांक्षाएं बड़ी थीं और वह अपने गांव की मेधावी छात्राओं में गिनी जाती थी।

कैसे हुई वारदात

बुधवार शाम करीब 5 बजे शिवानी अपनी बहन रीना के साथ गोशाला से घर लौट रही थी। रास्ते में उसका विवाद चचेरे भाई रिंकू से हो गया। विवाद बढ़ा तो आरोपी ने शिवानी को अपने घर में खींच लिया।


रीना का आरोप है कि रिंकू ने अपने परिवार वालों के साथ मिलकर शिवानी को इतना पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गई। जब रीना ने बीच-बचाव किया, तो उसे भी दरांती से घायल कर दिया गया।

आरोपी पक्ष ने परिजनों पर अंतिम संस्कार का दबाव बनाया, लेकिन सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट

पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम में पेट में गंभीर आंतरिक चोटों की वजह से मौत की पुष्टि हुई है।

मृतका की बहन और परिजनों का आरोप है कि घटना के कई दिन बाद भी पुलिस केवल रिपोर्ट दर्ज करने तक सीमित रही।

पुलिस की कार्रवाई

इंस्पेक्टर संजय तोमर ने कहा कि नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

एक उज्ज्वल छात्रा का अधूरा सपना

अग्निशमन केंद्र प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि शिवानी बेहद मेधावी थी और प्रशिक्षण के दौरान कई बार उसकी प्रशंसा की गई थी। उसमें कुछ बड़ा करने की ललक थी, लेकिन वारदात ने उसके सपनों को तोड़ दिया।

कोई टिप्पणी नहीं