Agra: आगरा में बड़ा हादसा! कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के भाई का अस्पताल में निधन, पर्चा बनवाते समय आया जोरदार हार्ट अटैक
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य के छोटे भाई उमेश कुमार का शनिवार को आगरा जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया।
![]() |
| मृतक फोटो :- up prime news |
पर्चा बनवाते समय गिरा काल का घेरा
मिली जानकारी के अनुसार, 61 वर्षीय उमेश कुमार (निवासी: केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड, खंदारी) को शनिवार दोपहर सीने में अचानक दर्द की शिकायत हुई थी। वह तुरंत अपने इलाज के लिए आगरा जिला अस्पताल पहुंचे। जब वह अस्पताल के काउंटर पर डॉक्टर को दिखाने के लिए रजिस्ट्रेशन का पर्चा बनवा रहे थे, तभी अचानक वह गश खाकर जमीन पर गिर पड़े।
UP Prime News को मिली जानकारी के मुताबिक, काउंटर पर उनके गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के मेडिकल स्टाफ ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार के तौर पर सीपीआर (CPR) दिया और आनन-फानन में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।
विशेषज्ञों की कोशिशें रही नाकाम
जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार अरोड़ा ने बताया कि उमेश कुमार को 'कार्डियक अरेस्ट' आया था। उन्हें बचाने के लिए हृदय रोग विशेषज्ञों की टीम ने पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में शोक की लहर
कैबिनेट मंत्री के बेटे अभिनव मौर्य ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। शनिवार शाम को ही आगरा के ताजगंज मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस खबर के बाद से मंत्री परिवार और उनके समर्थकों में शोक की लहर है।
UP Prime News इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता है।

कोई टिप्पणी नहीं